इजराइल को करीब इतने अरब के हथियार का पैकेज देगा अमेरिका
रफा में कत्लेआम रोकने में बाइडेन की नाकामी समझिए
चंडीगढ़, 15 मई (विश्ववार्ता): बाइडन प्रशासन ने प्रमुख सांसदों से कहा है कि अमेरिका इजराइल को एक अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक कीमत के हथियार और गोला-बारूद भेजेगा। अमेरिकी संसद के तीन कर्मियों ने यह जानकारी दी। सात महीने से चल रहे युद्ध में इजराइल को लगातार सैन्य समर्थन देने को लेकर बाइडेन प्रशासन दोराहे पर खड़ा है, क्योंकि एक तरफ उसे अमेरिका में रहने वाले मुस्लिमों के कड़े विरोध और 5 नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में बहिष्कार की धमकी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि दूसरी तरफ वो इजराइल को सैन्य अभियान रोकने के लिए मनाने में नाकाम रहा है।
इजराइल के खिलाफ बाइडेन प्रशासन बाइडेन प्रशासन ने गाजा पट्टी के रफा क्षेत्र में हमला नहीं करने को लेकर इजराइल को बार बार चेतावनी दी है और इस महीने की शुरूआत में बाइडेन प्रशासन ने 3500 बमों की एक खेप इजराइल भेजने पर रोक लगा दी थी, लेकिन अब एक अरब डॉलर का हथियार पैकेज इजराइल भेजा जाएगा।
जिसके बाद अब अमेरिका की ओर से इज़राइल के लिए हथियारों की पहली खेप भेजने का यह खुलासा किया गया है। बाइडन प्रशासन ने हथियारों की खेप भेजने पर रोक लगाने के संबंध में कहा था कि उसने इजरायल को भीड़भाड़ वाले दक्षिणी गाजा शहर रफह में अपने हमले में उन विशेष हथियारों का उपयोग करने से रोकने के लिए बमों की आपूर्ति रोक दी है।
अमेरिकी कांग्रेस के कर्मियों ने कहा कि मंगलवार को घोषित किए गए हथियारों के पैकेज में टैंक गोला-बारूद के लिए लगभग 70 करोड़ अमेरिकी डॉलर, सामरिक वाहनों के लिए 50 करोड़ डॉलर और मोर्टार राउंड के लिए छह करोड़ डॉलर रकम निर्धारित है। उन्होंने नाम न छापने की शर्त पर हथियारों की आपूर्ति की जानकारी दी जिसे अभी तक सार्वजनिक नहीं किया गया है।





















