
एनडीए की बैठक में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, संविधान को किया नमन
राजनाथ के प्रस्ताव का अमित शाह ने किया सर्मथन
चंडीगढ, 7 जून: (विश्ववार्ता): लोकसभा चुनाव में बहुमत हासिल करने के बाद आज दिल्ली में एनडीए के संसदीय बोर्ड की बैठक हो रही है। इस बैठक में नरेंद्र मोदी को एनडीए संसदीय दल का नेता चुन लिया जाएगा। बीजेपी चूंकि इस बार बहुमत का आंकड़ा नहीं जुटा पाई है, इसलिए सरकार गठन के लिए उसे टीडीपी और जेडीयू के साथ-साथ अन्य सहयोगी दलों के सहारे रहना होगा। सरकार में टीडीपी और जेडीयू को कौन-कौन से मंत्रालय मिलते हैं, इसे लेकर भी सियासी चर्चाएं तेज हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन संसदीय दल की बैठक में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने भारत के संविधान को अपने माथे से लगाया। इस बीच वरिष्ठ भाजपा नेता प्रहलाद जोशी ने एनडीए संसदीय दल की बैठक में कहा कि नरेंद्र मोदी रविवार को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। मोदी को अपना नेता चुनने के लिए यहां पुराने संसद भवन के सेंट्रल हॉल में एकत्रित एनडीए नेताओं से जोशी ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह 9 जून को शाम 6 बजे होगा। एनडीए सांसदों के अलावा भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और गठबंधन के वरिष्ठ नेता बैठक में मौजूद थे।






















