PM नरेंद्र मोदी के कन्याकुमारी में ध्यान करने के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने साधा निशाना
चंडीगढ़, 31 मई (विश्ववार्ता): लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण के लिए चुनाव प्रचार आज थम चुका है। एक मई को सातवें चरण के लिए वोटिंग होगी और 4 मई को चुनाव के नतीजे जारी होंगे। इस बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि देश की जनता चार जून को वैकल्पिक सरकार का जनादेश देगी और I.N.D.I.A गठबंधन पूर्ण बहुमत हासिल करते हुए देश को एक समावेशी और राष्ट्रवादी सरकार देगा। खरगे ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, प्रधानमंत्री ने पिछले 15 दिनों में अपनी जनसभाओं में 232 बार कांग्रेस का नाम लिया, 758 बार अपना नाम लिया, 573 बार I.N.D.I.A गठबंधन और विपक्ष का नाम लिया, लेकिन बेरोजगारी के बारे में एक बार भी बात नहीं की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कन्याकुमारी में विवेकानंद रॉक मेमोरियल में दो दिनों के लिए ध्यान करने के दौरान, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उन पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राजनीति और धर्म को कभी भी एक साथ नहीं लाया जाना चाहिए और अगर आपको भगवान में आस्था है, तो इसे अपने घर पर करें।
खरगे ने कहा, “राजनीति और धर्म को कभी एक साथ नहीं लाया जाना चाहिए। इन दोनों को अलग-अलग रखना चाहिए। एक धर्म का व्यक्ति आपके साथ हो सकता है और दूसरे धर्म का व्यक्ति आपके खिलाफ हो सकता है। धार्मिक भावनाओं को चुनाव से जोड़ना गलत है। वह कन्याकुमारी जाकर नाटक कर रहे हैं। इतने सारे पुलिस अधिकारियों को नियुक्त करके देश का कितना पैसा बर्बाद किया जा रहा है? आप वहां जाकर जो दिखावा कर रहे हैं, उससे देश को ही नुकसान होने वाला है। अगर आपको भगवान पर भरोसा है तो अपने घर पर ही करें।”
प्रधानमंत्री मोदी आध्यात्मिक यात्रा पर कन्याकुमारी में हैं। वे ध्यान मंडपम में ध्यान कर रहे हैं, यह वह स्थान है जहां माना जाता है कि पूज्य हिंदू दार्शनिक स्वामी विवेकानंद को ‘भारत माता’ के बारे में दिव्य दर्शन हुए थे। वे 1 जून तक अपना ध्यान जारी रखेंगे। इसके अलावा, कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आंध्र प्रदेश में भाजपा को कुछ सीटें मिलेंगी लेकिन तेलंगाना, कर्नाटक और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में कांग्रेस को बढ़त हासिल है।























