IPL-2025,बारिश के कारण कोलकाता-पंजाब मैच धुला
दोनों को 1-1 अंक मिले
चंडीगढ़, 27 अप्रैल (विश्ववार्ता) IPL का 44वां मैच बारिश के कारण रद्द कर दिया गया है। ईडन गार्डन्स स्टेडियम में पंजाब ने 201 रन बनाए। कोलकाता ने 1 ओवर बैटिंग कर ली थी, तभी बारिश होने लगी। बारिश के कारण मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका, इसलिए दोनों टीमों को 1-1 पॉइंट दिया गया। प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या की शतकीय साझेदारी के दम पर पंजाब किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स के सामने 202 रन का लक्ष्य रखा था। उनके लिए प्रभसिमरन सिंह ने सर्वाधिक 83 रन की पारी खेली। वहीं, प्रियांश ने 69 रन बनाए। कोलकाता के लिए वैभव अरोड़ा ने दो विकेट लिए जबकि वरुण और रसेल ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
प्रियांश और प्रभसिमरन के बीच पहले विकेट के लिए सबसे बड़ी 120 रन की साझेदारी हुई। रसेल ने 12वें ओवर में प्रियांश को अपना शिकार बनाया। वह इस सत्र का दूसरा 50+ निजी स्कोर बनाकर आउट हुए। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह ने 38 गेंदों में अपना पांचवां अर्धशतक पूरा किया। उनकी 83 रनों की पारी में छह चौके और इतने ही छक्के शामिल हैं। इसके अलावा ग्लेन मैक्सवेल ने सात और मार्को यानसेन ने तीन रन बनाए। वहीं, श्रेयस अय्यर 25 और जोश इंग्लिश 11 रन बनाकर नाबाद रहे।
























