लोकसभा से निकाली गईं महुआ मोइत्रा ने मारी बाजी
लोकसभा-2024 मे एक बार फिर महुआ मोइत्रा की बड़ी जीत
फिर से सदन में गरजेंगी
चंडीगढ, 5 जून: (विश्ववार्ता): बंगाल के नदिया जिले की कृष्णानगर लोकसभा सीट से टीएमसी उम्मीदवार महुआ मोइत्रा ने जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी अमृता राय को पटखनी दी है।
उद्योगपति से उपहार व पैसे लेकर संसद में सवाल पूछने के मामले में लोकसभा की सदस्याता गंवाने वाली महुआ मोइत्रा को ममता ने फिर से टिकट देकर यह बताने की कोशिश की थी कि पीएम मोदी का विरोध करने के चलते उन्हें संसद से निकाला गया था और वह फिर से चुनकर लोकसभा जाएंगी।
यही नहीं ममता ने अपनी पार्टी के प्रत्याशियों की सूची जारी करने से कई माह पहले ही घोषणा कर दी थी कि महुआ फिर से कृष्णानगर से लड़ेगी। लोकसभा चुनाव के लिए अपना प्रचार अभियान की शुरुआत भी ममता ने 31 मार्च को कृष्णानगर से किया था। इससे साफ हो जाता है कि तृणमूल सुप्रीमो के लिए यह सीट कितनी अहम थी।
दो रैली की थी पीएम मोदी
वहीं भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने ममता और महुआ को कृष्णानगर में ही मात देने के लिए एक अलग रणनीति अपनाई थी और कृष्णानगर राजघराने की ही राजमाता अमृता राय को प्रत्याशी बनाया था। यही नहीं प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा के बाद पीएम मोदी ने अमृता राय से टेलीफोन पर बात की थी। साथ ही राज्य की इन दो लोकसभा सीटों पर पीएम मोदी ने एक नहीं बल्कि दो-दो बार रैलियां की थीं उनमें कृष्णानगर सीट शामिल है।
‘पीएम मोदी झूठे हैं’
इस सीट पर यदि महुआ हार जातीं तो पूरे प्रदेश में यह संदेश जाता कि लोगों ने महुआ के भ्रष्टाचार पर मुहर लगा दी है। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। महुआ ने जीत हासिल की है। टीएमसी ने कहा है कि लोगों ने महुआ को वोट देकर बता दिया कि वह गलत नहीं हैं और यह सब भाजपा की प्रतिशोध वाली राजनीति है।
जीत के बाद महुआ ने सीधे तौर पर पीएम मोदी पर हमला बोला और कहा कि वह झूठे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मैं बंगाल के लोगों और पूरे देश को सलाम करती हूं जिन्होंने भाजपा के अहंकार के खिलाफ वोट दिया है।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि महुआ की जीत राष्ट्रीय राजनीति में भाजपा विरोधी गठबंधन के लिए भी महत्वपूर्ण है। जब महुआ रिश्वत के बदले सवाल के मामले में फंसीं तो पहले तो तृणमूल ने उनका साथ नहीं दिया। टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कहा था कि महुआ की लड़ाई उन्हें ही लडऩी होगी।
























