
International News : Israeli रक्षा मंत्री ने हमास को दी चेतावनी
चंडीगढ़, 23अगस्त: (विश्ववार्ता) युद्ध विराम वार्ता के बीच इस्राइल के रक्षा मंत्री ने हमास को चेतावनी दी है। इस्राइली रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने कहा अगर हमास इस्राइल की शर्तों को नहीं मानता है तो गाजा शहर को नष्ट किया जा सकता है। इस्राइल इस क्षेत्र में बड़े आक्रमण की तैयारी कर रहा है।
इस्राइली सेना ने बताया कि देश के रक्षा मंत्री ने गाजा सिटी के सबसे घनी आबादी वाले इलाकों में नई कार्रवाई को मंजूरी दे दी है। इसके तहत 60,000 नए रिजर्व सैनिकों को बुलाया जाएगा और 20,000 पहले से तैनात रिजर्व सैनिकों की सेवा अवधि बढ़ाई जाएगी। सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, गाजा सिटी के उन हिस्सों में अभियान चलाया जाएगा जहां अब तक इस्राइल ने जमीनी कार्रवाई नहीं की है। इस अभियान का मुख्य लक्ष्य हमास का भूमिगत सुरंग नेटवर्क है।
गाजा में भुखमरी के बीच इस्राइली हमलों में गाजा में कम से कम 36 फलस्तीनी मारे गए। संभावित नए हमले से और ज्यादा मौतें और विस्थापन हो सकते हैं। गाजा के 75% हिस्से पर इस्राइली नियंत्रण होने का दावा है, लेकिन स्थानीय लोग कहते हैं कि गाजा में कहीं भी सुरक्षित जगह नहीं है। वहीं दूसरी ओर इस्राइल में लोगों को डर है कि यह नया हमला अभी जीवित बचे लगभग 20 बंधकों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है।























