
भारत के इस पडोसी देश मे बारिश ने मचाया मौत का ताडंव
रिहायशी इलाके डूबे, हर तरफ जीवन अस्त व्यस्त
चंडीगढ, 21 जुलाई (विश्ववार्ता) भारत के पडोसी देश पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मानसूनी बारिश ने कहर बरपाया है। 10 और मौतों के साथ, पिछले 48 घंटों में प्रांत में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 71 लोगों की जान जा चुकी है। पाकिस्तान के प्रमुख अखबार डॉन ने प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) के हवाले से बताया है कि 25 जून से अब तक 123 लोगों की मौत हो चुकी है और 462 घायल हुए हैं। इस दौरान रिकॉर्ड बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए और रिहायशी इलाकों में पानी भर गया। पीडीएमए के अनुसार, पिछले दो दिनों में ही 71 मौतें दर्ज की गईं।
लाहौर और चिनियट में तीन-तीन, ओकारा में दो और चकवाल व सरगोधा में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। चकवाल में दो लोग तेज़ बहाव में बह गए, जिनके शव शुक्रवार को बरामद किए गए, जबकि भारी बारिश के कारण छत गिरने से मलबे में दबकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। चकवाल प्रांत के सबसे ज़्यादा प्रभावित इलाकों में से एक रहा, जहां पिछले तीन दिनों में रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई।
पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग (पीएमडी) ने 20 जुलाई से और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पीडीएमए ने अगले 24 घंटों में कालाबाग और चश्मा में सिंधु नदी में उच्च-स्तरीय बाढ़ की भी चेतावनी दी है। प्रशासन को सतर्क रहने और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।






















