ब्राजील के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजे गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
मैं ब्राजील सरकार और लोगों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं- PM Modi
चंडीगढ, 9 जुलाई (विश्ववार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस वक्त ब्राजील दौरे पर हैं, जहां उन्हें सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया गया। ब्राजील ने मंगलवार को पीएम मोदी को देश की राजकीय यात्रा के दौरान अपने सर्वोच्च सम्मान ग्रैंड कॉलर ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द सदर्न क्रॉस से सम्मानित किया। यह पुरस्कार प्रधानमंत्री मोदी के लिए 26वां वैश्विक सम्मान था और 2 जुलाई से शुरू हुई उनकी पांच देशों की यात्रा का तीसरा सम्मान था।
प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रासीलिया में भारत-ब्राजील संयुक्त प्रेस वक्तव्य में कहा कि रियो और ब्रासीलिया में हमारे गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए मैं मेरे मित्र राष्ट्रपति लुइज इंसियो लूला दा सिल्वा का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। अमेजन की प्राकृतिक सुंदरता और आपकी आत्मीयता दोनों ने हमें मंत्रमुग्ध कर दिया है। राष्ट्रपति द्वारा मुझे ब्राजील के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान से विभूषित किया जाना मेरे लिए ही नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतवासियों के लिए भी अत्यंत गर्व और भावुकता का पल है। मैं इसके लिए उनका, ब्राजील सरकार और ब्राजील के लोगों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।






















