Asian Games 2026 : पहलवान अमन सहरावत ने रचा इतिहास
भारत को दिलाया 20वां स्वर्ण पदक
रोमांचक मुकाबले में पलटा पासा
चंडीगढ, 3 अक्तूबर, 2026 (विश्ववार्ता) एशियाई खेलों में भारत के स्टार रेसलर अमन सहरावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश को 20वां स्वर्ण पदक दिला दिया है। अमन ने पुरुषों की 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कुश्ती स्पर्धा के फाइनल मुकाबले में नॉर्थ कोरिया के मजबूत पहलवान हान को रोमांचक संघर्ष में धूल चटाई। इस शानदार जीत के साथ ही आज के दिन भारत के खाते में यह चौथा स्वर्ण पदक जुड़ गया है।
फाइनल मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों पहलवानों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। पहले पीरियड में अमन सहरावत ने बेहतरीन रक्षात्मक खेल (डिफेंस) का प्रदर्शन करते हुए कोरियाई पहलवान के हर हमले को नाकाम किया और 6-1 की मजबूत बढ़त बना ली।
इसके बाद, मुकाबले के दूसरे चरण में नॉर्थ कोरिया के हान ने जोरदार वापसी की और लगातार 6 अंक हासिल कर 7-6 की बढ़त अपने नाम कर ली। ऐसा लगा कि मुकाबला हाथ से निकल रहा है, लेकिन अमन ने हार नहीं मानी।
उन्होंने अपनी शानदार तकनीक और फुर्ती का परिचय देते हुए चार अंकों की एक अविश्वसनीय चाल चली और स्कोर पर अपनी पकड़ दोबारा मजबूत कर ली। इस दौरान कोरियाई टीम की ओर से लिए गए रिव्यू को खारिज कर दिया गया, जिसके चलते अमन को एक अतिरिक्त अंक और मिल गया। अमन ने अंत तक अपनी इस बढ़त को बेहद सावधानी और आक्रामकता के साथ बनाए रखा और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
और खबरें पढ़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें: https://wishavwarta.in/
























