पंजाब, हरियाणा भीषण गर्मी की चपेट में
Red Alert जारी
दिन-रात घंटों बिजली नहीं
चंडीगढ़, 14 जून (विश्व वार्ता) हरियाणा और पंजाब में भीषण गर्मी का कहर जारी है। आलम यह है कि चंडीगढ़ शहर का रात का तापमान पंजाब, हरियाणा ही नहीं बल्कि दिल्ली से भी ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। इस बीच शहर के हर हिस्से में बिजली गुल होने से लोगों को भीषण गर्मी में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लगातार पड़ रही गर्मी के कारण इस साल बिजली की खपत अपने चरम पर पहुंच गई है। हर दिन बढ़ रही खपत के बीच गुरुवार को शहर में 465 मेगावाट बिजली की खपत हुई। इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने इन दिनों के लिए दिए गए ऑरेंज अलर्ट को बदलकर रेड अलर्ट कर दिया है। रेड अलर्ट के साथ-साथ लोगों को सावधान रहने और दिन में जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
सिरसा दोनों राज्यों में सबसे गर्म स्थान रहा। यहां का अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री दर्ज किया गया। हिसार में 44.6 डिग्री, गुरुग्राम में 44 डिग्री, रोहतक में 43.1 डिग्री, नारनौल में 44.3 डिग्री जबकि भिवानी में 43.6 डिग्री तापमान रहा।
अंबाला और करनाल में कुछ राहत मिली और अधिकतम तापमान क्रमश: 38.2 और 37.5 डिग्री सेल्सियस रहा। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में तापमान 39.6 डिग्री रहा। पंजाब में बठिंडा सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फरीदकोट में अधिकतम तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि अमृतसर में अधिकतम तापमान 43.6, लुधियाना में 43, पटियाला में 39.2, पठानकोट में 42.5 तथा गुरदासपुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शहर के कई इलाकों में बिजली गुल होने से लोगों खासकर बच्चों और बुजुर्गों को गर्मी में परेशान होना पड़ा। कई इलाकों में कई घंटों तक बिजली नहीं रही। बुधवार रात को सेक्टर 41 के बटरेला में रात 10 बजे गुल हुई बिजली सुबह साढ़े तीन बजे बहाल हुई। लाइनों पर अधिक लोड होने के कारण यहां बिजली की लाइनें जल गईं। रात होने के कारण लाइनों को ठीक करने में समय लगा। इस कारण गर्मी की रातें झेल रहे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मनीमाजरा के मोटर मार्केट और शांति नगर इलाके में भी लाइनें जल गईं। यहां पर बुधवार रात 11 बजे गली नंबर 8 में तारों में आग लगने के कारण बिजली चली गई। लाइन की मरम्मत तो कर दी गई, लेकिन बिजली कर्मचारियों के जाते ही तारों में फिर से आग लग गई। दो बार मरम्मत करने के बावजूद लाइन में आग लगने के कारण गुरुवार दोपहर को भी बिजली आती-जाती रही। मोटर मार्केट इलाके में भी यही स्थिति रही। शहर के अन्य इलाकों में भी बिजली आपूर्ति की यही स्थिति रही।
























