पंजाब में आज कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना
चिपचिपाती गर्मी से लोगो को किया बेहाल
चंडीगढ, 13 जुलाई (विश्ववार्ता) पंजाब में आज (13 जुलाई) तेज बारिश या आंधी को लेकर कोई अलर्ट नहीं है। हालांकि, पूरे राज्य में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान मौसम विभाग का है। 24 घंटे में राज्य के तापमान में 0.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, जो सामान्य तापमान से 1.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया है।
अगर पिछले 24 घंटों की बात करें, तो अधिकतम तापमान में 4.2 डिग्री सेल्सियस का इज़ाफा दर्ज किया गया है। राज्य के अधिकतर जिलों में जहां पहले तापमान 30 डिग्री के करीब था, वह अब बढक़र 35 डिग्री के आसपास पहुंच चुका है। बठिंडा 36.7 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। यदि बारिश नहीं हुई, तो तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, आज से पंजाब में बारिश या तूफान को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि, कुछ जिलों में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। लेकिन 17 जुलाई तक राज्य में बारिश या आंधी-तूफान को लेकर फिलहाल कोई चेतावनी नहीं दी गई है। खास तौर पर मालवा क्षेत्र के अधिकांश इलाकों में आगामी दिनों में बारिश की संभावना बेहद कम है।






















