
इंटरनेशनल न्यूज: म्यांमार के सागाइंग कस्बे मे देर रात हवाई हमलो ने लगाया लाशो का अंबार
सेना ने उतारे टैंक
चंडीगढ, 13 जुलाई (विश्ववार्ता) म्यांमार के सागाइंग कस्बे के लिन ता लू गांव स्थित एक बौद्ध मठ पर हवाई हमले किए जाने का मामला सामने आया है। रात को हमलों में 23 लोगों की मौत होने का मामला सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक ये लोग मठ परिसर के अंदर ही शरण लिए हुए थे। हमले में 30 लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं, 10 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनको इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमला रात को लगभग 1 बजे घात लगााकर किया गया। मारे गए लोगों में 4 बच्चे भी शामिल हैं। हमले के समय 150 लोग शरणार्थी के तौर पर यहां ठहरे हुए थे। ये सभी आसपास के गांवों के रहने वाले बताए गए हैं। हालांकि सेना की इसको लेकर कोई टिप्पणी सामने नहीं आई है। वहीं, मारे गए लोगों की संख्या 30 तक हो सकती है।
सेना की कोशिश है कि वे प्रतिरोध समूहों द्वारा नियंत्रित क्षेत्रों को वापस अपने कब्जे में ले लें। सूत्रों के मुताबिक गृह युद्ध की वजह से हजारों लोगों को पलायन करना पड़ा है। इसी बीच विपक्ष की राष्ट्रीय एकता सरकार के प्रवक्ता का बयान भी सामने आया है। बताया गया है कि विद्रोही गुट अब दोबारा कुछ इलाकों को अपने नियंत्रण में करने की कोशिश कर रहा है।
हमले को देखते हुए म्यांमार की सेना भी अपने टैंक और तोपें सड़कों पर उतार चुकी है। इलाके में बड़े स्तर पर सैन्य अभियान शुरू किया गया है। हालांकि अभी सेना ने मृतकों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।





















