हरियाणा मे कलयुगी पिता ने अपनी टेनिस खिलाड़ी बेटी को गोलियों से भूनकर की हत्या
राज्य स्तरीय टेनिस खिलाड़ी थी राधिका
चंडीगढ, 11 जुलाई (विश्ववार्ता) हरियाणा के गुरुग्राम में राज्य स्तरीय महिला टेनिस खिलाड़ी की हत्या के मामले में चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। सेक्टर-57 में पिता ने ही अपनी लाडली राधिका यादव की गोलियां मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि राधिका ने हाल ही में अकादमी खोली थी। पिता को लोग बेटी की कमाई खाने का ताना देते थे। इसी वजह से पिता दीपक नाराज चल रहा था।
15 दिन से दोनों में अकादमी को लेकर झगड़ा भी चल रहा था। गुरुवार सुबह भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहसबाजी हुई थी। इसी बीच पिता ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से बेटी को 3 गोलियां मार दीं। गोलियां पीठ में लगीं, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।
घर में जैसे ही गोली लगने की आवाज सुनी, राधिका का चाचा कुलदीप और चचेरा भाई मौके पर पहुंचे। दोनों ने राधिका को गंभीर हालत में अस्पताल में दाखिल करवाया था, जहां उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और सबूत इकट्ठा किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है।
राधिका टेनिस में कई पदक जीत चुकी थी। हालांकि कुछ माह पहले उसे कंधे में चोट लग गई थी, जिसकी वजह से खेल छोड़ दिया था। इसके बाद राधिका ने वजीराबाद में अकादमी शुरू की थी, जहां खिलाड़ियों को ट्रेनिंग देती थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।























