मोहाली थाने में नहीं पहुंचे कांग्रेस नेता प्रताप बाजवा: 1 दिन का समय मांगा
चंडीगढ़, 14 अप्रैल (विश्व वार्ता) बम विवाद: पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू के बाद मुश्किल में फंस गए हैं।
बाजवा के खिलाफ मोहाली के स्टेट साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। बाजवा पर बीएनएस की धारा 197 (1) (डी) और 353 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने प्रताप बाजवा को आज दोपहर 12 बजे पूछताछ के लिए बुलाया था।
बाजवा के वकील मोहाली पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने यह भी कहा कि वे आज उपस्थित नहीं हो सकेंगे। ऐसे में उन्हें एक दिन का समय दिया जाना चाहिए। वहीं, अधिकारियों ने भी इस पर सहमति जताई। कल रात उन्हें एक नोटिस भेजकर जांच में शामिल होने के लिए कहा गया। हालाँकि, जब सम्मन भेजा गया तब वह घर पर नहीं थे।
दरअसल, प्रताप सिंह बाजवा एक निजी चैनल के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। एंकर ने जब उनसे राज्य की सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर सवाल किया तो उन्होंने कहा, “पंजाब में 50 ग्रेनेड आए थे, जिनमें से 18 का इस्तेमाल हो चुका है, जबकि 32 बचे हुए हैं। जिसके बाद पंजाब सरकार ने इस मामले का खुद संज्ञान लिया है।”























