पंजाब के मोहाली जिले के इंडस्ट्रियल एरिया में हुआ बड़ा हादसा
राहत एवं बचाव कार्य शुरू
2 लोगों की मौत, 3 घायल
चंडीगढ़, 6 अगस्त (विश्ववार्ता) पंजाब के मोहाली में बड़ा हादसा हुआ है। यहां के ऑक्सीजन प्लांट में जोरदार धमाका हुआ है, जिसकी चपेट में आकर 2 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 3 लोग घायल हैं। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
घटना औद्योगिक क्षेत्र फेज-9 में भूखंड संख्या 315-316 पर स्थित हाईटेक कंपनी में हुई है। धमाके की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, धमाका ऑक्सीजन सिलेंडर में हुआ है।
पुलिस और अग्निशमन दल की टीम मौके पर पहुंच गई है। हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग को काबू में किया। स्थानीय पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को खाली कराया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।























