आज से कांवड़ यात्रा शुरू, भक्तों में भारी उत्साह
योगी सरकार ने कांवड यात्रा को लेकर किए सुरक्षा के खास इंतजाम …
चंडीगढ, 11 जुलाई (विश्ववार्ता) सावन की शुरुआत से पहले कांवड़ यात्रा को लेकर भक्तों में भारी उत्साह है. हरिद्वार में कांवड़ मेला शुरू हो रहा है, जिसके लिए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं. गंगाजल लेने के लिए कांवड़ियों का हरिद्वार पहुंचना शुरू हो गया है. यात्रा में कई अनोखी कांवड़ भी देखने को मिल रही हैं, जैसे हरियाणा के पानीपत से निकली ‘हरि कांवड़’ और मेरठ से अपने माता-पिता को पालकी में बैठाकर ले जा रहे एक श्रद्धालु की कांवड़. बागपत में हाईटेक कांवड़ शिविर भी लगाया गया है.
प्रशासन ने कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं, जिसमें ट्रैफिक प्रबंधन, सुरक्षा योजना, सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी शामिल है. उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर और लखनऊ में भी सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त हैं. दिल्ली में भी कांवड़ियों के लिए विशेष शिविर लगाए गए हैं. अनुमान है कि लगभग 2.5 करोड़ कांवड़िये दिल्ली से हरिद्वार या गढ़गंगा के लिए निकलेंगे. यह यात्रा 11 जुलाई से 23 जुलाई तक चलेगी.























