CET परीक्षा को लेकर हरियाणा मे आज और कल स्कूलो मे रहेगी छुट़टी
मुख्य सचिव ने जारी किए आदेश
चंडीगढ़, 26 जुलाई (विश्ववार्ता) हरियाणा में तृतीय श्रेणी पदों के लिए आज और कल को होने वाली सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) को नकल रहित बनाने के लिए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) और प्रदेश सरकार ने पूरी ताकत लगा दी है।
शनिवार के दिन पूरे प्रदेश में सभी सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेजों सहित तमाम शिक्षण संस्थाओं में अवकाश घोषित कर दिया है। शिक्षण संस्थाओं में बनाए गए परीक्षा केंद्रों में सिर्फ ड्यूटी पर लगे कर्मचारियों को ही प्रवेश मिलेगा।
परीक्षा के दिन सभी परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में धारा 163 लगाई जाएगी। सभी जिलों में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक परीक्षा से एक दिन पहले भी परीक्षा केंद्रों का दौरा करेंगे और परीक्षा के दिन स्वयं पेट्रोलिंग पर निकलेंगे। निर्देशों में कहा गया है कि काफी परीक्षार्थी रेल व बस के माध्यम से परीक्षा से एक दिन पहले शाम को संबंधित स्टेशन पर पहुंचना शुरू हो जाते हैं तथा वहां से ऑटो व टैक्सी के माध्यम से परीक्षा केंद्र के नजदीक होटल व धर्मशालाओं के लिए जाते हैं।























