
Delhi Police ने अवैध हथियारों के खिलाफ हासिल की बड़ी सफलता
महिला की शिकायत से खुला राज
चंडीगढ, 2 सिंतबर (विश्ववार्ता) : दिल्ली पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। बता दें कि थाना सराय रोहिल्ला की टीम ने एक ऐसी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है, जहां बड़े पैमाने पर देसी पिस्तौलें और उनके पुर्जे तैयार किए जा रहे थे। इस कार्रवाई में पुलिस ने 12 देसी पिस्तौल और करीब 250 से अधिक पिस्तौल बनाने का कच्चा माल बरामद किया है। इसके साथ ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पूरे मामले की शुरुआत 11-12 अगस्त की रात को हुई, जब सराय रोहिल्ला इलाके की एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, एक युवक ने उसके भाई शुभम उर्फ लाला पर उस समय गोली चला दी, जब वह घर की छत पर खड़ा था। गोली चलाने वाला नाबालिग पड़ोसी वहां से भाग निकला, लेकिन देसी पिस्तौल स्थानीय लोगों ने उससे छीन ली। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी नाबालिग को पकड़ लिया।























