
Haryana CM नायब सैनी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से की मुलाकात
चंडीगढ़, 25 जुलाई (विश्ववार्ता) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर किशाऊ बांध एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों को लेकर चर्चा की। इस मुलाकात के बाद सैनी ने फेसबुक पर लिखा कि ‘आज दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट कर विभिन्न विषयों पर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। नॉनस्टॉप हरियाणा तीन नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए पूर्णत: तैयार है।
इस अवसर पर किशाऊ बांध सहित अन्य महत्त्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तृत चर्चा हुई और गृह मंत्री जी से दिशा-निर्देश प्राप्त हुए।’ इसके बाद सैनी ने हरियाणा भवन में मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश में तीन नए आपराधिक कानूनों के संबंध में एक बड़े कार्यक्रम के आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति से भी केंद्रीय मंत्री को अवगत करवाया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए तीव्र गति से कार्य किया है। अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था को 11वें स्थान से उठाकर चौथे स्थान तक पहुंचाया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आज एक मजबूत और सशक्त राष्ट्र के रूप में खड़ा है। मीडियाकर्मियों द्वारा पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने बताया कि सी.ई.टी. परीक्षा को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश में 26 व 27 जुलाई को लाखों की संख्या में परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हरियाणा पुलिस में शीघ्र ही कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी। इसके लिए भी अधिकारियों को सभी तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं।






















