पंजाब विधानसभा मे राज्य में बैलगाडिय़ों की दौड़ पर लगी पाबंदी को हटाया
पंजाब पशु क्रूरता निवारण नियम,-2025 को दी हरी झंडी
चंडीगढ, 11 जुलाई (विश्ववार्ता) पंजाब विधानसभा सत्र में पंजाब पशु क्रूरता निवारण (पंजाब संशोधन) अधिनियम-2025 और पंजाब पशु क्रूरता निवारण (बैलगाड़ी दौड़ संचालन) नियम,-2025 को भी हरी झंडी दे दी है। पंजाब विधानसभा सत्र के समापन के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य में बैलगाड़ियों की दौड़ पर लगी पाबंदी को हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि किला रायपुर तो हमारा “मिनी ओलंपिक” है, लेकिन इसके अलावा अन्य गांवों में भी बैलगाड़ियों की दौड़ें होती हैं और बैलों के बहुत बड़े शौकीन लोग पंजाब में मौजूद हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने भी 16 वर्ष तक बैलगाड़ियों से खेती की थी और हमारा पशु-पक्षियों से पुराना नाता है। हम तो फसल काटते समय भी जानवरों और पक्षियों के लिए थोड़ी सी फसल छोड़ देते हैं, हम सर्वहित की कामना करने वाले लोग हैं, उन्होंने पंजाबवासियों को इस फैसले की बधाई दी।























