इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष को जान से मारने की धमकी
बेटे ने चंडीगढ़ सेक्टर 3 पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई
चंडीगढ, 17 जुलाई (विश्ववार्ता) इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला को धमकी मिली है। अभय चौटाला के बेटे कर्ण चौटाला को वॉइस मैसेज करके बोला गया है कि अपने पिता को समझा लो वरना अंजाम भुगतना पड़ेगा।अभय चौटाला के दूसरे नंबर पर भी कॉल की गई थी। हालांकि, अभय चौटाला के निजी सचिव ने जब फोन नहीं उठाया तो अभय चौटाला के नाम वॉइस मैसेज के जरिए धमकी दी गई। वॉइस मैसेज से मिली धमकी में कहा गया है हमारे काम में अड़चन नहीं बने वरना प्रधान (नफे सिंह राठी) के पास भेज देंगे। इस धमकी के बाद कर्ण चौटाला की तरफ से चंडीगढ़ सेक्टर 3 पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने इस मामले को लेकर जांच शुरू कर दी है।