
USA में ओहायो की सॉलिसिटर जनरल बनीं मथुरा श्रीधरन
कौन हैं भारतीय मूल की मथुरा श्रीधरन
चंडीगढ़, 4 अगस्त (विश्ववार्ता) अमेरिका के ओहियो में भारतीय मूल की वकील मथुरा श्रीधरन को सॉलिसिटर जनरल अपॉइंट किया गया है। मथुरा की नियुक्ति वहां के अटॉर्नी जनरल डेव योस्ट ने गुरुवार 31 जुलाई को की है। इसके बाद से ही श्रीधरन के खिलाफ नस्लवादी और अपमानजनक टिप्पणियां की जा रही हैं। जिसमें कहा गया है कि यह पद किसी अमेरिकी को क्यों नहीं दिया गया है?
डेव योस्ट ने मथुरा श्रीधरन की नियुक्ति करते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखी। जिसमें उन्होंने कहा कि मथुरा बहुत ही प्रतिभाशाली हैं। उन्होंने पिछले साल बहस भी जीती थी। जिन दोनों सॉलिसिटर जनरल के मार्गदर्शन में उन्होंने काम किया है उन्होंने मथुरा के काम की तारीफ की है। वह ओहायो की अच्छे से सेवा करेंगी।
इसके बाद श्रीधरन को भारतीय होने और बिंदी लगाने के कारण नस्लवादी टिप्पणियों का सामना करना पड़ रहा है। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि आप किसी ऐसे व्यक्ति को क्यों चुनेंगे जो अमेरिकी नहीं है। ऐसे में आइये जानते हैं मथुरा श्रीधरन कौन हैं, जिनको ओहायो में सॉलिसिटर जनरल के पद पर अपॉइंट किया गया है।
डेव योस्ट ने ट्रोल्स को करारा जवाब देते हुए कहा कि कुछ लोगों को गलतफहमी है कि मथुरा श्रीधरन अमेरिकी नहीं हैं। उन्होंने साफ कहा कि मथुरा न सिर्फ अमेरिकी नागरिक हैं बल्कि उनकी शादी भी एक अमेरिकी नागरिक से हुई है। योस्ट ने लिखा, “अगर किसी को उनका नाम या रंग खटक रहा है, तो यह उनकी सोच की समस्या है, मथुरा की नहीं।” योस्ट ने मथुरा की योग्यता पर पूरा भरोसा जताया और कहा कि उन्होंने पिछले साल सुप्रीम कोर्ट में भी सफलतापूर्वक बहस की थी। योस्ट ने कहा, “मैं उन्हें प्रमोट कर बहुत उत्साहित हूं। वह ओहियो के लोगों की बेहतरीन सेवा करेंगी।”























