दक्षिणी जर्मनी में घातक ट्रेन हादसे मे इतने लोगो की मौत से मचा हडकंप
चांसलर फ्रेडरिक मेर्ज़ ने दुर्घटना पर जताया शोक
चंडीगढ़, 28 जुलाई (विश्ववार्ता) जर्मनी के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से से रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बता दें कि, रिडलिंगन और मुंडेरकिंगन के बीच एक यात्री ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य यात्री घायल हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस ट्रेन में लगभग 100 लोग सफर कर रहे थे। ट्रेन सिग्मारिंगन से उल्म की ओर जा रही थी और उसे लगभग 90 किलोमीटर की दूरी तय करनी थी। लेकिन सीमा के नजदीक, जहां फ्रांस और स्विट्ज़रलैंड भी पास हैं, एक अनियंत्रित मोड़ पर हादसा हो गया।
चांसलर फ्रेडरिक मेर्ज़ ने इस दुर्घटना पर शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट कर पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
इस हादसे के ठोस कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटना से पहले क्षेत्र में तेज़ बारिश और तूफान आया था, जिसे संभावित कारण के रूप में देखा जा रहा है। विशेषज्ञ यह जांच कर रहे हैं कि क्या प्राकृतिक आपदा ने रेल लाइन को नुकसान पहुँचाया, जिससे यह हादसा हुआ।























