नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद से दिया इस्तीफा, राष्ट्रपति को सौंपा पत्र
PM आवास पर केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक
चंडीगढ, 5 जून (विश्ववार्ता): नरेंद्र मोदी ने बुधवार, 5 जून को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया. उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और केंद्रीय मंत्रिपरिषद सहित अपना इस्तीफा उन्हें सौंप दिया. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस्तीफा स्वीकार कर लिया है. उन्होंने नरेंद्र मोदी और मंत्रिपरिषद से अनुरोध किया है कि वे नई सरकार के कार्यभार संभालने तक पद पर बने रहें.
इससे पहले बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में पीएम आवास पर हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में वर्तमान लोकसभा (17वीं लोकसभा) को भंग करने की सिफारिश को मंजूरी दी गई थी. पीएम आवास पर केंद्रीय मंत्रिपरिषद की भी बैठक हुई, जिसके बाद पीएम मोदी ने राष्ट्रपति भवन जाकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपना इस्तीफा सौंपा. प्राप्त जानकारी के अनुसार नरेंद्र मोदी 8 जून को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं.
मंगलवार को आए चुनावी नतीजों में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को फिर से बहुमत मिल गया है. लेकिन, चुनावी नतीजों ने भाजपा के सहयोगियों चंद्रबाबू नायडू की टीडीपी और नीतीश कुमार की जेडीयू की भूमिका को महत्वपूर्ण बना दिया है, इसलिए भाजपा की पहली कोशिश एनडीए के सभी सहयोगी दलों को मजबूती से अपने साथ बनाए रखने की है.
























