ईरान के राष्ट्रपति रईसी के निधन पर PM मोदी ने जताया शोक
चंडीगढ, 20 मई (विश्ववार्ता) ईरान के राष्ट्रपति डॉ. सैयद इब्राहिम रईसी की हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई है। रईसी के साथ विदेश मंत्री हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियन, पूर्वी अजरबैजान प्रांत के गवर्नर मालेक रहमती और धार्मिक नेता मोहम्मद अली आले-हाशेम की भी मौत हो गई।
ईरानी राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर बीते दिन एक ग्रामीण इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसका मलबा आज मिला। इस हादसे पर अब भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुख जताया है।
इस घटना पर भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी एक्स पर पोस्ट किया। उन्होने कहा कि ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी और विदेश मंत्री एच. आमिर-अब्दोल्लाहियान की हेलीकॉप्टर क्रैश में निधन की खबर से चौंक गया हूं। मुझे उनके साथ अपनी कई मुलाकातें याद हैं, इनमें सबसे ताजा जनवरी 2024 की थी। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। हम इस त्रासदी के समय में ईरान के लोगों के साथ खड़े हैं।
ईरान की सरकारी मीडिया प्रेस टीवी ने आज बताया कि रईसी और उनके साथ आए प्रतिनिधिमंडल को ले जा रहा हेलीकॉप्टर रविवार को पूर्वी अजरबैजान प्रांत के वरजाकन और जोल्फा शहरों के बीच स्थित दिजमार जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
तस्नीम न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को उत्तर पश्चिमी ईरान में दुर्घटनाग्रस्त हुए हेलीकॉप्टर में नौ लोग सवार थे। रईसी और उनके साथ आया प्रतिनिधिमंडल अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव के साथ अरास नदी पर एक बांध के उद्घाटन समारोह से लौट रहा था।
























