आफत की गर्मी से अभी राहत नही, पंजाब हरियाणा मे और सतायेगी अभी गर्मी
भीषण गर्मी का सितम, आम जनता लू और बुखार की चपेट में
गर्मी ने बढ़ाई मांग बिजली खपत
चंडीगढ, 3 जून (विश्ववार्ता) ंदेश भर मे इस बार आसमान के आग के गोले बरस रहे है जिसके कारण आम जन जीवन पूरी तरह से ठप्प हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में कुछ जगहों पर सोमवार को भी लू चल सकती है। बीते 24 घंटे के दौरान भी इन राज्यों के साथ ही झारखंड में भी प्रचंड गर्मी महसूस की गई। अगले तीन दिन के दौरान उत्तर भारत में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक की वृद्धि भी हो सकती है। इस बीच, पीएम नरेंद्र मोदी ने उच्चस्तरीय बैठक में गर्मी की स्थिति और मानसून से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। पीएमओ के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने अस्पतालों और अन्य सार्वजनिक स्थानों का अग्नि ऑडिट और विद्युत सुरक्षा ऑडिट नियमित रूप से करते रहने का निर्देश दिया। बैठक में पीएम को बताया गया इस साल देश के अधिकतर भागों में मानसून के सामान्य और सामान्य से ऊपर रहने का अनुमान है।
इस बीदेश में बिजली की खपत मई में एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में लगभग 15 फीसदी बढक़र 156.31 अरब यूनिट (बीयू) पहुंच गई है। इसका प्रमुख कारण देश के विभिन्न हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी है। गर्मी से बचने के लिए एयर कंडीशनर और कूलर जैसे उपकरणों का इस्तेमाल बढ़ा है। मई, 2023 में बिजली खपत 136.50 अरब यूनिट थी।
वही पंजाब मे इस समय रिकार्डतोड गर्मी पड रही है जिस कारण गर्मी ने सभी रिकार्डो को ध्वस्त कर दिया है। फरीदकोट में पारा 47.4 डिग्री पहुंच गया है, जो सीजन का सबसे अधिक है। साथ ही अधिकतम तापमान ने पिछले 10 साल के रिकार्ड भी तोड़ दिए हैं।
लू थपेडों ने कई जिलों में समस्या अधिक बढ़ा दी। अमृतसर, लुधियाना, पटियाला और बठिंडा इससे अधिक प्रभावित रहे।न्युनतम तापमान में -0.6 डिग्री की गिरावट दर्ज जरुर की गई है, लेकिन अभी भी ये सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक बना हुआ है। बल्लोवाल में सबसे कम न्युनतम तापमान 23.2 डिग्री दर्ज किया गया है।
विभाग के अनुसार नूरमहल जालंधर में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। यहां 3.6 बढ़ोत्तरी के साथ 48 अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है। पटियाला 48.7 डिग्री, पठानकोट, बठिंडा व अमृतसर में 47.2, बरनाला व आनंदपुर साहिब 48.9, लुधियाना 44.8 और फतेहगढ़ साहिब में 45.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में तापमान में ये वृद्धि जारी रहेगी, इसलिए बच्चों व बुजुर्गों को तेज धूप से बचना चाहिए और नियमित रूप से पानी पीना चाहिए।






















