
आज बिछेगी सियासी बिसात, हो सकती है NDA और विपक्षी गठबंधन की बैठक
इंडिया गठबंधन ने देश को दिया नया विजन, ये जीत इंडिया गठबंधन की जीत है-राहुल गांधी
चंडीगढ, 5 जून: (विश्ववार्ता): लोकसभा चुनाव नतीजे घोषित होने के बाद सरकार बनाने की कोशिशें शुरू हो गई हैं. सूत्रों के मुताबिक, भाजपा के शीर्ष नेताओं ने एनडीए के सहयोगियों से बात की है. उन्हें भरोसे में लिया है।उधर, इंडिया गठबंधन फूंक फूंक कर कदम रख रहा है और सभी दलों के नेताओं से बातचीत के बाद ही आगे कदम बढ़ाने पर फैसला करेगा. दोनों पक्षों के लिए बुधवार का दिन बेहद अहम होने वाला है. आज ही तय हो जाएगा कि इंडिया गठबंधन सरकार बनाने के लिए दावा पेश करेगा या नहीं।
12 सहयोगियों का है लोकसभा में प्रतिनिधित्व
इस चुनाव में भाजपा ने अपने दम पर 240 सीटें हासिल की हैं। यह बहुमत से 22 कम है। दूसरी ओर टीडीपी के 16 तो जदयू के 12 सांसद जीते हैं। इन दोनों दलों के संयुक्त सीटों की संख्या 28 है। शिवसेना शिंदे गुट की सात सीटें हैं। इसके अलावा लोजपा (आर) ने पांच, जेएनपी, रालोद दो-दो, एनसीपी, अपना दल, एजीपी, हम, आजसू और एजीपी के पास एक-एक सीटें हैं। जाहिर तौर पर गठबंधन में नायडू, नीतीश का मजबूत दखल होगा। इसके अलावा शेष दस दलों को भी साधे रखने की चुनौती होगी।
नतीजों को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि हिन्दुस्तान की जनता अपने संविधान के लिए एक साथ खड़े होकर लड़ेगी, ये सच साबित हुआ. मैं इंडिया गठबंधन के सभी सहयोगियों और नेताओं के साथ कार्यकर्ताओं का दिल से धन्यवाद करता हूं. आपने संविधान को बचाने के लिए पहला कदम ले लिया है. कांग्रेस पार्टी के सभी नेताओं ने इंडिया गठबंधन के नेताओं का आदर किया और जहां भी गठबंधन रहा हम एक होकर लड़े. इंडिया गठबंधन ने देश को नया विजन दे दिया है. ये जीत इंडिया गठबंधन की जीत है।





















