रेलवे स्टेशन ऑटो यूनियन ने दिया कुलदीप धालीवाल को समर्थन
किसी भी ऑटो चालक को नहीं आने दी जायेगी कोई दिक्कत:-कुलदीप धालीवाल
ऑटो यूनियन की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा:-कुलदीप धालीवाल
चंडीगढ, 26 मई (विश्ववार्ता) आम आदमी पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल के चुनाव प्रचार को उस समय बड़ा बल मिला, जब रेलवे स्टेशन ऑटो यूनियन के अध्यक्ष जगप्रीत सिंह जग्गा ने अपने सैकड़ों साथियों के साथ आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी कुलदीप सिंह धालीवाल को समर्थन देने की घोषणा की । इस मौके पर अध्यक्ष जगप्रीत जग्गा ने कहा कि जब से आम आदमी पार्टी की सरकार आई है तब से उन्हें किसी भी तरह की किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा है और अगर उन्हें कोई परेशानी आती है तो आम आदमी पार्टी का नेतृत्व उस मुश्किल का समाधान करवाता है। जग्गा ने बताया कि उनकी यूनियन में करीब एक हजार सदस्य हैं। उन्होंने अपने सदस्यों,उनके परिवारों और परिचितों को संदेश भेजा है कि वे अमृतसर में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार कुलदीप सिंह धालीवाल को वोट देंगे और उनका समर्थन करेंगे। इस मौके पर कुलदीप धालीवाल ने ऑटो चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि आज अमृतसर में हजारों ऑटो चालक हैं, पिछली सरकारों ने रोजगार का कोई नया साधन नहीं बनाया। जिसके कारण कई युवा पढ़ने-लिखने के बाद भी ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को ऑटो चालक भाइयों का हमेशा समर्थन मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को अमृतसर में सभी वर्गों का पूरा समर्थन मिल रहा है और रेलवे स्टेशन ऑटो यूनियन की जो भी समस्याएं होंगी उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। धालीवाल ने कहा कि उनके ध्यान में आया है कि कुछ लोगों द्वारा ऑटो चालकों को नाजायज तौर पर परेशान किया जा रहा है, लेकिन आम आदमी पार्टी उन्हें विश्वास दिलाती है कि ऑटो चालकों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होगी और उनकी सभी मुश्किलों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी आम लोगों की पार्टी है और पिछले दो साल से जब से आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है, उनका एजेंडा मुख्य रूप से आम लोगों के जीवन स्तर को ऊपर उठाना है। जहां पिछली सरकारों के समय महंगी बिजली दरों के कारण लोगों के घरों का बजट बिगड़ गया था और आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया था, वहीं आज हर घर को 300 यूनिट मुफ्त बिजली और शून्य बिजली बिल मिल रहा है और लोग खुश हैं । उन्होंने कहा कि आने वाले समय में किसी भी ऑटो चालक को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी और प्रशासन किसी भी ऑटो चालक के साथ धक्का नहीं करेगा। इस मौके पर उनके साथ जिला शहरी अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, लोकसभा प्रभारी इकबाल सिंह भुल्लर, एससी विंग के जिला अध्यक्ष डॉ. इंद्रपाल, जिला सचिव मुखविंदर सिंह विरदी समेत बड़ी संख्या में ऑटो चालक मौजूद रहे























