देश के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय शाकाहारी बॉडी बिल्डर Varinder singh ghuman लड़ेंगे चुनाव
सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए घुम्मण ने की इस बात की पुष्टि
चंडीगढ़, 8 जून (विश्व वार्ता) दुनिया के एकमात्र शुद्ध शाकाहारी प्रोफेशनल बॉडीबिल्डर और बॉलीवुड एक्टर वरिंदर सिंह घुम्मण अब राजनीति में नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। पंजाब के जालंधर निवासी वरिंदर ने 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमाने का ऐलान कर दिया है। सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए घुम्मण ने इस बात की पुष्टि की कि वे आने वाले चुनाव में हिस्सा लेंगे और अपने फॉलोअर्स से सलाह भी मांगी है कि उन्हें किसी राजनीतिक पार्टी से जुड़कर चुनाव लड़ना चाहिए या फिर एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में।
घुम्मण का कहना है कि राजनीति में आने का उनका मकसद सिर्फ सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि पंजाब के युवाओं को नशे की दलदल से निकालकर खेलों की दिशा में अग्रसर करना है। उन्होंने कहा, “अगर मुझे जन समर्थन मिला और मैं चुनाव जीतता हूं, तो मेरा पहला उद्देश्य पंजाब के हर गांव और शहर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना होगा। इससे युवाओं को ना सिर्फ रोजगार मिलेगा, बल्कि नशे की लत से भी मुक्ति मिलेगी।”























