चंडीगढ़ पुलिस के नए पुलिस महानिदेशक ने संभाला पदभार
सेक्टर 26 में गरिमामयी परेड का किया गया आयोजन
चंडीगढ, 23 जुलाई (विश्ववार्ता) चंडीगढ़ के नए डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा ने बुधवार को कार्यभार संभाल लिया है। उससे पहले उनका स्वागत सेक्टर 26 पुलिस लाइन में किया गया उनके स्वागत में आरटीसी पुलिस लाइन, सेक्टर 26 में एक गरिमामयी परेड का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस बल के जवानों ने अनुशासित मार्च पास्ट और सलामी के साथ अपने नए प्रमुख का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों तथा जवानों ने हिस्सा लिया और नए डीजीपी के प्रति अपनी आस्था और सहयोग की भावना प्रकट की। इस स्वागत समारोह में पुलिस के अनुशासन और गरिमा का शानदार उदाहरण देखने को मिला।
1997 बैच के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी सागर प्रीत हुड्डा, इससे पूर्व हरियाणा सहित कई अन्य राज्यों में अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।
कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में उनके अनुभव और सख्त प्रशासनिक दृष्टिकोण के लिए वे जाने जाते हैं। उनकी नियुक्ति को शहर के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है, खासकर तब जब स्मार्ट सिटी चंडीगढ़ को एक सुरक्षित, सशक्त और जनोन्मुखी पुलिस व्यवस्था की आवश्यकता है।
























