Parliament Session: ऑपरेशन सिंदूर पर आज भी हंगामे के आसार
सरकार पहलगाम पर जवाब दे-विपक्ष
विभिन्न दलों के सांसदों ने जस्टिस वर्मा को हटाने को ज्ञापन सौंपा
चंडीगढ, 22 जुलाई (विश्ववार्ता) संसद के मॉनसून सत्र के दूसरे दिन आज भी सदन में हंगामे के पूरे आसार हैं। इससे पहले सोमवार को संसद के इस सत्र की शुरुआत हंगामेदार रही। सत्र शुरू होते ही विपक्ष ने जोरदार हंगमा किया। तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए विपक्षी सांसदों ने ऑपरेशन सिंदूर पर सदन में चर्चा कराने की मांग की। हालांकि, हंगामा बढ़ता देख दो बार कार्यवाही को स्थगित भी करना पड़ा। लेकिन जब इसके बाद भी हंगामा नहीं रुका तो सत्र की कार्यवाही को मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
पहले दिन हंगामे के बीच सरकार ऑपरेशन सिदूंर पर सदन में चर्चा के लिए तैयार हो गई। अगले हफ्ते इस मुद्दे पर लोकसभा में 16 और राज्यसभा में 9 घंटे बहस होगी। हालांकि विपक्ष का कहना है कि चर्चा सत्र के शुरुआत में होनी चाहिए और PM मोदी जवाब दें।
राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को कहा था- पहलगाम हमले के आतंकी अब तक पकड़े नहीं गए। मारे भी नहीं गए। लेफ्टिनेंट गवर्नर ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर में इंटेलिजेंस फेलियर हुआ। ट्रम्प 24 बार कह चुके हैं कि हमने युद्ध रुकवाया। सरकार को इन सभी का जवाब देना चाहिए।
मानसून सत्र 32 दिन चलेगा
संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से 21 अगस्त तक यानी कुल 32 दिन चलेगा। इस दौरान 18 बैठकें होंगी, 15 से ज्यादा बिल पेश होंगे। स्वतंत्रता दिवस समारोह के कारण 13-14 अगस्त को संसद की कार्यवाही नहीं होगी।
केंद्र सरकार मानसून सत्र में 8 नए बिल पेश करेगी, जबकि 7 लंबित बिलों पर चर्चा होगी। इनमें मणिपुर GST संशोधन बिल 2025, इनकम टैक्स बिल, नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस बिल जैसे विधेयक शामिल हैं।
पहले दिन नए इनकम टैक्स बिल पर बनी संसदीय कमेटी की रिपोर्ट लोकसभा में पेश होगी। कमेटी ने 285 सुझाव दिए हैं। 622 पन्नों वाला बिल 6 दशक पुराने इनकम टैक्स एक्ट 1961 को रिप्लेस करेगा।























