
राज्यसभा-लोकसभा में आज फिर हंगामे के आसार
ऑपरेशन सिंदूर’ पर आज लोकसभा में चर्चा, विपक्ष के सवालों से हंगामे के आसार
ट्रंप के दावे पर सरकार को घेरेगा विपक्ष
चंडीगढ़, 28 जुलाई (विश्ववार्ता) संसद के मॉनसून सत्र में आज की कार्यवाही हंगामेदार रह सकती है। वैसे तो पहला हफ्ता भी हंगामे की भेंट चढ़ गया, लेकिन आज लोकसभा में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा होनी है। विपक्ष अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर के दावों पर सरकार से सफाई चाहता है। इसलिए आज की बहस के दौरान हंगामे के आसार हैं। आज रक्षामंत्री राजनाथ सिंह चर्चा की शुरुआत करेंगे, जिसके बाद गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर, बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर और निशिकांत दुबे भी इसमें हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा और राज्यसभा दोनों में बोल सकते हैं।
भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाने के अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बार-बार दावे को लेकर विपक्ष संसद में सरकार को घेर सकता है। ट्रंप सार्वजनिक मंचों से कई बार दावा कर चुके हैं, उन्होंने व्यापार रोकने की धमकी देकर भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाई थी। हालांकि, भारत सरकार की ओर से उनके इस दावे को पहले ही खारिज किया जा चुका है। लेकिन, संसद में चर्चा के दौरान विपक्ष इसे मुद्दा बना सकता है।






















