
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने पीएम मोदी पर दिया बड़ा बयान
कहा है कि आने वाले 15-20 सालों तक प्रधानमंत्री का पद खाली नहीं है
देश में अभी केवल मोदी का ही युग रहेगा-दुबे
चंडीगढ, 20 जुलाई (विश्ववार्ता) गोड्डा से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे अपने बयान को लेकर हमेशा चर्चा में रहते है। निशिकांत दुबे का एक और बयान चर्चा का विषय बना हुआ है जो उन्होने एक न्यूज एजेंसी के पॉडकॉस्ट में दिया है। एनआई के पॉडकॉस्ट में निशिकांत दुबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दावा किया कि अगर बीजेपी उनके नेतृत्व में नहीं लड़े तो 150 सीट भी नहीं जीत सकती। 2014, 2019 और 2024 का चुनाव उनके नेतृत्व में लड़ा गया इसलिए बीजेपी का प्रदर्शन इस तरह का रहा।
निशिकांत दुबे ने पीएम मोदी पर बड़ा बयान दिया है। दुबे ने पीएम मोदी की लोकप्रियता और नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा है कि आने वाले 15-20 सालों तक प्रधानमंत्री का पद खाली नहीं है और देश में अभी केवल मोदी का ही युग रहेगा। वहीं निशिकांत दुबे यह कहने से भी नहीं हिचकिचाये कि बिना मोदी के बीजेपी 150 सीटें भी नहीं जीत सकती। दुबे ने कहा कि, अगर बीजेपी मोदी के नेतृत्व में चुनाव नहीं लड़ती है तो बीजेपी के लिए 150 सीटें जीतना भी मुश्किल है।
दरअसल, एक न्यूज एजेंसी को इंटरव्यू देने के दौरान सांसद निशिकांत दुबे ने इस तरह की बयानबाजी की। निशिकांत दुबे ने कहा, ”बीजेपी की मजबूरी है कि मोदी जी के नेतृत्व में ही 2029 का चुनाव लड़ना पड़ेगा। आज हमारे जैसे लोगों को और कार्यकर्ताओं को मोदी जी की आवश्यकता है। मोदी जी को हमारी आवश्यकता नहीं है। मोदी जी का तो अपना जीवन हो गया। उनकी तो पूर्व प्रधानमंत्री होने के नाते जो जितनी व्यवस्थाएं हैं, वो चलती रहेंगी। लेकिन इसके लिए वो थोड़े सत्ता में आए हैं।”
वहीं निशिकांत दुबे ने आगे कहा, ”2047 का यदि विकसित भारत बनाना है तो आपको मोदी जी को जब तक उनका शरीर साथ देता है, उन्हें आगे लाना पड़ेगा और इस देश में ये हुआ है कि, 82 साल की उम्र में मोरारजी भाई देश के प्रधानमंत्री बने। फिर उम्र को लेकर इस तरह की सोच किसी के मन में कैसे है।” इस बीच निशिकांत दुबे ने उत्तर प्रदेश के चुनाव और बीजेपी के सत्ता में आने का श्रेय मोदी को ही दिया।






















