Sports News: स्टार भारतीय पिस्टल निशानेबाज Manu Bhaker को मिला साल की सर्वश्रेष्ठ भारतीय महिला खिलाड़ी का पुरस्कार
चंडीगढ़, 19 फरवरी (विश्ववार्ता) स्टार भारतीय पिस्टल निशानेबाज मनु भाकर को पेरिस ओलंपिक में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बीबीसी की साल की सर्वश्रेष्ठ भारतीय महिला खिलाड़ी चुना गया।
मनु इस पुरस्कार के लिए नामित पांच लोगों में शामिल थीं। गोल्फर अदिति अशोक, पैरा निशानेबाज अवनी लेखरा, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप कप्तान स्मृति मंधाना और पहलवान विनेश फोगाट को भी उनके असाधारण योगदान के लिए नामित किया गया था।
खेल पत्रकारों और लेखकों की एक प्रतिष्ठित जूरी ने नामांकित खिलाडिय़ों का चयन किया था। भारत में महिला खिलाडिय़ों की उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए दिए जाने वाले इस पुरस्कार का यह पांचवां सत्र है।बाइस वर्षीय मनु को पेरिस ओलंपिक में दो कांस्य पदक जीतने के लिए यह पुरस्कार मिला। वह स्वतंत्रता के बाद से एक ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी हैं। उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा के साथ-साथ 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया था।
























