हरियाणा: पंचकूला में कबड्डी के साथ खेल महाकुंभ का शानदार आगाज
मैदान में उतरे 15 हजार से अधिक खिलाड़ी
CM नायब बोले- युवाओं को मिलेगी उड़ान
चंडीगढ़, 2 अगस्त (विश्व वार्ता) पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में छठे राज्यस्तरीय खेल महाकुंभ का भव्य आगाज हुआ। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को कबड्डी मैच की शुरुआत कर खेल महाकुंभ का विधिवत शुभारंभ करते हुए प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
खेल महाकुंभ के पहले चरण में सोमवार तक 836 पदकों के लिए मुकाबले होंगे। इसके बाद अगस्त के अंतिम सप्ताह में दूसरा चरण शुरू होगा जिसमें 1266 पदकों के लिए खिलाड़ी पसीना बहाएंगे। इस तरह, दोनों चरणों में कुल 26 खेलों में 15 हजार 410 खिलाड़ी 2102 पदकों के लिए दम दिखाएंगे। कुल चार जिलों में मुकाबले होंगे।
पंचकूला में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबाल, हैंडबाल और हाकी, फरीदाबाद में शूटिंग और ताइक्वांडो, रोहतक में बाक्सिंग, नेटबाल और फुटबाल तथा सोनीपत में लान टेनिस की प्रतियोगिताएं होंगी। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को उड़ान देने का सशक्त मंच है।























