भारत और इंग्लैंड के बीच अंतिम टेेस्ट के तीसरे दिन का आज होगा खेल
इंग्लैंड पर भारत ने बनाई महत्वपूर्ण बढत
भारत का स्कोर 2 विकेट पर 75 रन, जीत के लिए बल्लेबाजी को दिखाना होगा दम
चंडीगढ़, 2 अगस्त (विश्व वार्ता) भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला लंदन के द ओवल मैदान पर खेला जा रहा है आज मैच का तीसरा दिन है। कल दूसरे दिन भारत ने दूसरी पारी में दो विकेट पर 75 रन बना लिए हैं और इंग्लैंड के खिलाफ 52 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। इससे पहले मेजबानों की पहली पारी 247 रन पर सिमटी थी जबकि भारत ने पहली पारी में 224 रन बनाए थे। इस आधार पर इंग्लैंड को 23 रन की बढ़त हासिल हुई थी। शुक्रवार का खेल समाप्त होने तक यशस्वी जायसवाल 49 गेंदों में 51 और आकाश दीप दो गेंदों में चार रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं।
इंग्लैंड की पहली पारी 247 पर समाप्त हो गई और मेजबानों को भारत पर 23 रन की बढ़त मिली है। इससे पहले भारत ने पहली पारी में 10 विकेट पर 224 रन बनाए थे। इंग्लैंड के खिलाफ भारत की ओर से मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने चार-चार विकेट झटके। वहीं, आकाश दीप को एक सफलता मिली।
जैक क्राउली और बेन डकेट ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई थी। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 92 रनों की साझेदारी हुई जिसे आकाश दीप ने तोड़ा। उन्होंने डकेट को अपना शिकार बनाया जो 38 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के की मदद से 43 रन बना पाए। इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए कप्तान ओली पोप ने कुछ अच्छे शॉट खेले और 37 रन जोड़े। क्राउली 57 गेंदों में 64 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा ने पवेलियन की राह दिखाई।
दूसरे सत्र में भारत ने गेंदबाजों के दम पर शानदार वापसी की। मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने इस सत्र में तीन-तीन विकेट लेकर इंग्लैंड को बैकफुट पर ला दिया। क्राउली के बाद ओली पोप (22), जो रूट (29), जैकब बेथेल (6), जेमी स्मिथ (8), जेमी ओवरटन (0) ने अपने विकेट खोए। इंग्लैंड ने तीसरे सत्र में भारत पर बढ़त जरूर हासिल की, लेकिन कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई।























