मानसून सत्र पर I.N.D.I.A. गठबंधन की बैठक आज
AAP शामिल नहीं होगी
बिहार चुनाव समेत इन मुद्दों पर होगी चर्चा
चंडीगढ, 19 जुलाई (विश्ववार्ता) लोकसभा चुनाव 2024 के बाद दूसरी बार I.N.D.I.A. गठबंधन के नेता आज शाम 7 बजे ऑनलाइन बैठक करने वाले हैं। इसमें देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की जाएगी। मीटिंग में आम आदमी पार्टी (AAP) शामिल नहीं होगी। तृणमूल कांग्रेस के बारे में पहले कहा जा रहा था कि वह बैठक में शामिल नहीं होगी। हालांकि, बाद में उसने कहा कि उसके राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी वर्चुअल बैठक में शामिल होंगे। यह बैठक सोमवार से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र से ठीक पहले हो रही है।
इस बीच, विपक्षी एकता को झटका देते हुए आम आदमी पार्टी ने खुद को आइएनडीआइए से अलग कर लिया और कहा कि वह अब गठबंधन का हिस्सा नहीं है। आप ने गठबंधन का नेतृत्व करने में कांग्रेस की भूमिका पर भी सवाल उठाया। पार्टी ने कहा कि हमने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। आइएनडीआइए सिर्फ 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए था।
गौरतलब है कि भारतीय गठबंधन की पिछली बैठक इसी साल 3 जून को हुई थी। इसमें केंद्र सरकार से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की गई थी। इसके साथ ही, लोकसभा चुनाव को लेकर 5 जून, 2024 को भी बैठक हुई थी।
























