भारत और इंग्लैंड के बीच चौथे टेस्ट के दूसरे दिन का आज होगा खेल
भारत ने पहले दिन गंवाए 4 विकेट गंवाए
पंत की चोट बढा सकती है भारत की चिंता
चंडीगढ, 24 जुलाई (विश्ववार्ता) भारत और इंग्लैंड के बीच एंडरसन-तेंदलुकर ट्रॉफी का चौथा टेस्ट मैनचेस्टर में खेला जा रहा है। ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में बुधवार को इंग्लैंड ने टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी। दूसरे दिन का खेल दोपहर 3.30 बजे से शुरू होगा। रवींद्र जडेजा और शार्दूल ठाकुर भारत की पारी को आगे बढाने मे लगे है।
यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की सलामी जोड़ी ने भारत को पहली पारी में अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले सत्र में इंग्लैंड के गेंदबाजों पर नियंत्रण बनाए रखा, लेकिन दूसरे सत्र में इंग्लैंड ने वापसी की और भारत को पहला झटका दिया। क्रिस वोक्स ने केएल राहुल को जैक क्राउली के हाथों कैच कराया। वह 98 गेंदों में चार चौके की मदद से 46 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद आठ साल बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी करने वाले लियाम डॉसन ने यशस्वी जायसवाल को हैरी ब्रूक के हाथों कैच कराकर पवेलियन की राह दिखाई। वह 107 गेंदों में 58 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान उन्होंने अपने टेस्ट करियर का 12वां पचासा 96 गेंदों में पूरा किया।
मैनचेस्टर टेस्ट के शुरुआती दिन पंत गंभीर रूप से चोटिल हो गए। उनके दाहिने पैर में चोट लगी, जिसकी वजह से काफी सूजन है। पंत के पैर से खून भी निकलता दिखा। मैदान से बाहर जाने के लिए उन्हें एंबुलेंस का इस्तेमाल करना पड़ा। वह खड़े भी नहीं हो पा रहे थे। उल्लेखनीय है कि पंत को पिछले टेस्ट मैच में भी चोट लगी थी। उनकी अंगुली में चोट लगी थी, जिसके बाद उनकी जगह ध्रुव जुरेल को विकेटकीपिंग करते देखा गया था। अब उनके पैर में भी चोट लग गई है। पंत को रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर जाना पड़ा। उन्होंने 48 गेंदों में 37 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से दो चौके और एक छक्का निकला।






















