ऑपरेशन सिंदूर के बाद अभिनेत्री हुमा कुरैशी ने जम्मू कश्मीर का किया दौरा
बीएसएफ महिला जवानों से मिलीं हुमा कुरैशी
चंडीगढ़, 30 मई (विश्व वार्ता) बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी जम्मू कश्मीर के उधमपुर पहुंचीं और फिर वह पटनीटॉप और नथाटॉप गईं. उनकी यह यात्रा उस समय हुई है जब 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर आने वाले पर्यटकों की संख्या में गिरावट आई थी. हुमा कुरैशी की मौजूदगी एक पॉजिटिव संदेश है. हुमा कुरैशी का वीडियो भी सामने आया है, जहां आप देख सकते हैं कि कैसे वह सबसे घुलती मिलती दिख रही हैं। इसकी तस्वीरें उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर साझा कीं हैं, जिसमें वो बीएसएफ जवानों के साथ खूबसूरत पलों को साझा कर रही हैं और सेना की शौर्यता के बारे में कुछ प्रतिक्रिया भी दे रही हैं।
एक्ट्रेस ने जम्मू में तैनात बीएसएफ जवानों से मुलाकात की, जिसकी तस्वीरें उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा की है। इन तस्वीरों में अभिनेत्री महिला जवानों के बीच दिख रही हैं, जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के समय शानदार जज्बा दिखाया था। इसके अलावा एक और तस्वीर में अभिनेत्री बीएसएफ जवानों से बात करती दिख रही हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बातचीत में हुमा कुरैशी ने ऑपरेशन सिंदूर में उनकी भूमिका और देश की सीमाओं की रक्षा के लिए सेना की प्रशंसा की है।
























