हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर मार्ग पर मची अफरा-तफरी
हादसे में इतने श्रद्धालुओं की मौत
CM ने दिये जांच के आदेश
चंडीगढ़, 27 जुलाई (विश्ववार्ता) उत्तराखंड के हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर मार्ग पर भगदड़ मचने से बड़ा हादसा हुआ है। भगदड़ में आठ लोगों की मौत की खबर है। कई लोगों के बुरी तरह से घायल होने की खबर भी है। मौके पर राहत एवं बचाव अभियान चल रहा है।
। बताया जा रहा है कि इस भगदड़ का कारण करंट लगने की अफवाह थी। हालांकि, उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन ने करंट की अफवाहों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि इस हादसे का कारण करंट लगना नहीं है। भगदड़ पर उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन के अधीक्षण अभियंता प्रदीप चौधरी ने कहा, “यह बहुत दुखद हादसा है। शुरुआत में ऐसी रिपोर्ट आई कि घटनास्थल पर लोगों को करंट लगा है। इसके बाद मौके पर हमारी टीम पहुंची और उन्होंने जांच की। यहां किसी भी तरह के करंट या झटके की कोई संभावना नहीं है, न ही ऐसी कोई खबर हमें मिली है। हादसे की वजह के बारे में ज्यादा कुछ नहीं बता सकते, लेकिन घटनास्थल पर करंट लगने की कोई संभावना नहीं है।”
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि, “सुबह करीब 9 बजे यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी, जब मनसा देवी मंदिर की सीढ़ियों के पास अचानक भगदड़ मच गई।” मुख्यमंत्री ने बताया कि इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, और सभी घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया।























