उपराष्ट्रपति चुनाव की तैयारी शुरू
निर्वाचन आयोग ने उपराष्ट्रपति के चुनाव की प्रक्रिया शुरू की
राज्यसभा के महासचिव को रिटर्निंग ऑफिसर बनाया
चंडीगढ़, 25 जुलाई (विश्ववार्ता) भारत के उपराष्ट्रपति पद से जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद अब नए उपराष्ट्रपति के चयन के लिए चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया (ECI) ने आज (25 जुलाई) को उपराष्ट्रपति चुनाव के संबंध में चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। जिसके बारे में आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई है।
इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया (ECI) ने उपराष्ट्रपति चुनाव 2025 के लिए राज्यसभा के महासचिव को रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया है। ECI ने बताया कि, रोटेशन के हिसाब से उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए एक-एक बार के लिए लोकसभा के महासचिव और राज्यसभा के महासचिव को रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया जाता है। पिछले उपराष्ट्रपति चुनाव के दौरान लोकसभा के महासचिव को रिटर्निंग ऑफिसर बनाया गया था।
इलेक्शन कमीशन ने कहा कि, अब नियम अनुसार उपराष्ट्रपति चुनाव 2025 (Vice President Election) के दौरान राज्यसभा के महासचिव को रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया जा रहा है। इसके अलावा राज्यसभा सचिवालय की जाइंट सेक्रेटरी गरिमा जैन, राज्यसभा सचिवालय के डायरेक्टर विजय कुमार को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में नियुक्त किया गया है।
























