
जन्मदिन पर बेटे को गिरफ्तार कर मोदी व शाह ने जो तोहफा दिया है ताउम्र याद रहेगा-पूर्व CM भूपेश बघेल
ये कितनी भी ताकत लगा लें… भूपेश बघेल न टूटेगा, न झुकेगा. जय छत्तीसगढ़
चंडीगढ, 19 जुलाई (विश्ववार्ता) छत्तीसगढ़ में आज शुक्रवार को एक बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार कर लिया है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने करोड़ों रुपये के शराब घोटाले की जांच में यह बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया है। ED ने दुर्ग जिले स्थित आवास से चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी की।
बेटे की गिरफ्तारी पर भूपेश बघेल ने कहा, ”जन्मदिन का जैसा तोहफ़ा मोदी और शाह जी देते हैं वैसा दुनिया के किसी लोकतंत्र में और कोई नहीं दे सकता। पिछले साल मेरे जन्मदिन पर दोनों परम आदरणीय नेताओं ने मेरे सलाहकार और दो ओएसडी के घरों पर ईडी भेजी थी और अब मेरे बेटे चैतन्य के जन्मदिन पर मेरे घर पर ईडी की टीम छापेमारी की गई और मेरे बेटे को आज उसके जन्मदिन पर गिरफ्तार किया गया है। इन तोहफ़ों का धन्यवाद। ताउम्र याद रहेगा।’
इससे पहले सुबह भूपेश बघेल ने जानकारी दी थी कि, ED आ गई है। आज विधानसभा सत्र का अंतिम दिन है। अडानी के लिए तमनार में काटे जा रहे पेड़ों का मुद्दा आज उठना था। इस बीच भिलाई निवास में “साहेब” ने ED भेज दी है। भूपेश बघेल ने कहा थाकि मोदी-शाह ने अपने मालिक को खुश करने के लिए आज फिर से ED को भेजा है। भूपेश बघेल ने कहा कि अडानी द्वारा जो पेड़ कटाई चल रही है इसके विरोध में कांग्रेस पार्टी लड़ाई लड़ रही है। जिसका दबाव पूरे सरकार और प्रशासनिक तंत्र पर है।























