चंडीगढ मे ड्रेस कोड के विरोध को लेकर ज्वाइंट एक्शन कमेटी ऑफ टीचर्स के सदस्यों ने किया जमकर प्रदर्शन
चंडीगढ, 16 जुलाई (विश्ववार्ता) चंडीगढ मे ड्रेस कोड के विरोध में ज्वाइंट एक्शन कमेटी ऑफ टीचर्स के सदस्यों ने चंडीगढ़ ने सेक्टर-19 के जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने डीईओ को आपत्ति पत्र भी सौंपा। इसमें ड्रेस कोड आदेश पर तत्काल पुनर्विचार करने और उसे वापस लेने की मांग उठाई गई।
कमेटी के चेयरमैन सविंदर सिंह, प्रधान रणबीर सिंह राणा और शिव मूर्ति यादव ने कहा कि यदि शिक्षा विभाग इसे वापस नहीं लेता तो 5 सितंबर को शिक्षक दिवस पर सभी शिक्षक काले कपड़े पहनकर स्कूल आएंगे। यदि उससे पहले दबाव बनाया गया तो हर सोमवार को शिक्षक काले कपड़े पहनकर स्कूल आएंगे। फिर भी समाधान नहीं हुआ तो वह कोर्ट जाएंगे।
उन्होंने कहा पूरे देश में शिक्षकों के लिए कोई ड्रेस कोड नहीं है तो चंडीगढ़ में इसे क्यों थोपा जा रहा है। कई महिला शिक्षक सफेद रंग नहीं पहन सकती, क्योंकि हिंदू धर्म में इससे अशुभ माना जाता है। ड्रेस कोड लागू करने से पहले शिक्षकों के सुझाव भी नहीं लिए गए। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग को स्कूलों में शिक्षकों की कमी और बुनियादी सुविधाओं की कमी पर ध्यान देने की जरूरत है।
























