
Royal challengers bangalore को उसी के घर पर रौंदकर दिल्ली कैपिटल्स ने रचा इतिहास
दिल्ली कैपिटल्स ने लगातार चौथा IPL मैच जीता
चंडीगढ, 11 अप्रैल:(विश्ववार्ता): IPL-18 के 24वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने चौथी जीत दर्ज करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 6 विकेट से हरा दिया। गुरुवार को RCB के 164 रन के जवाब में DC ने केएल राहुल के नाबाद 93 रन की बदौलत 4 विकेट खोकर 169 रन बनाए और 13 बॉल रहते जीत हासिल कर ली।
केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स की 100 से ज्यादा रनों की नाबाद साझेदारी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को उनके घर में छह विकेट से पटखनी दे दी। गुरुवार को चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 163 रन बनाए। जवाब में दिल्ली ने 17.5 ओवर में चार विकेट खोकर 169 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। अक्षर पटेल के नेतृत्व वाली टीम की यह लगातार चौथी जीत है जबकि आरसीबी को पांच मैचों में दूसरी बार मुंह की खानी पड़ी है।
164 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत खराब हुई। उन्होंने महज 58 के स्कोर पर चार विकेट खो दिए थे। इसके बाद केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स ने पांचवें विकेट के लिए 111 रनों की नाबाद साझेदारी निभाई और टीम को जीत दिलाई। इस दौरान विकेटकीपर बल्लेबाज केएल ने 37 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 93 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके बल्ले से सात चौके और छह छक्के निकले। वहीं, स्टब्स ने चार चौके और एक छक्के की सहायता से 38* रन बनाए। आरसीबी के लिए भुवनेश्वर कुमार ने दो विकेट लिए जबकि यश दयाल और सुयश शर्मा को एक-एक सफलता मिली।






















