देश में फिर से बढ़ने लगे कोरोना वायरस के मामले
फिर डरा रहा कोरोना वायरस, शहर-शहर बढ़ रहे आंकड़े
बढ़ते खतरे के बीच जरूर जानिए डॉक्टर की ये सलाह
चंडीगढ़, 31 मई (विश्व वार्ता)देश में कोरोना वायरस के मामले एक बार फिर से बढ़ने लगे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक, 30 मई सुबह 8 बजे तक देश में कुल 2,710 एक्टिव केस दर्ज किए गए हैं। सबसे ज्यादा मामले केरल, महाराष्ट्र और दिल्ली से सामने आए हैं।
कोरोना जिस रफ्तार से देश में बढ़ रहा है वह निश्चित ही लोगों के लिए डर पैदा कर रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ पहले से ही कहते रहे हैं कि इस बार फैल रहा वैरिएंट अति संक्रामक है, हालांकि इसकी गंभीरता कम है।
चिंताजनक बात ये है कि अगर ये संक्रमण किसी आबादी में फैलना शुरू होता है तो वहां लोग तेजी से इसकी चपेट में आ सकते हैं। ये स्थिति उन लोगों के लिए दिक्कतें बढ़ाने वाली और गंभीर भी हो सकती है जो 65 साल से अधिक उम्र के हैं, कोमोरबिडिटी (एक से अधिक क्रॉनिक बीमारियों का शिकार) हैं या फिर गर्भवती हैं।
























