
झारखंड के देवघर में बड़ा हादसा, बस-ट्रक की टक्कर से 18 कांवड़ियों की मौत
– बस चालक सीट समेत सड़क पर गिरा
– सभी मृतक गयाजी के निवासी
झारखंड, चंडीगढ़, 29 जुलाई (विश्ववार्ता) देवघर (झारखंड) में बस और ट्रक की टक्कर में 18 कांवड़ियों की मौत हो गई। कई कांवड़िये घायल हुए हैं, जिनकी हालत गंभीर है। गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके 18 लोगों की मौत की जानकारी दी है।
यह हादसा मंगलवार सुबह 5 बजे देवघर के मोहनपुर प्रखंड के जमुनिया चौक के पास नवापुरा गाँव में हुआ। बताया जा रहा है कि मलबे में कई शव फंसे हुए हैं और उन्हें निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सभी मृतक बिहार के गयाजी स्थित मासूमगंज के निवासी बताए जा रहे हैं। 40 तीर्थयात्रियों को लेकर एक बस देवघर (झारखंड) से बैद्यनाथ जा रही थी। देवघर से 18 किलोमीटर दूर, बस विपरीत दिशा से आ रहे सिलेंडर लदे एक ट्रक से टकरा गई।
पुलिस के अनुसार, बस चालक को नींद आने के कारण यह हादसा हुआ। टक्कर के बाद चालक सीट समेत सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस बिना चालक के 100 मीटर तक दौड़ी और ईंटों के ढेर से टकराने के बाद रुक गई।
राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। देवघर सदर अस्पताल से पाँच एम्बुलेंस घटनास्थल पर भेजी गई हैं। इनमें से दो 108 एम्बुलेंस और मोहनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एक एम्बुलेंस मौके पर पहुँच गई है। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल ले जाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।






















