
सुनील शेट्टी की बेटी और क्रिकेटर राहुल की पत्नी अथिया ने बॉलीवुड को कहा अलविदा
पिता सुनील शेट्टी ने कर दिया खुलासा
चंडीगढ़, 22 मई (विश्व वार्ता) बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सुनील शेट्टी की बेटी और भारतीय टीम के बल्लेबाज के.एल राहुल की पत्नी अथिया शेट्टी ने केवल चार फिल्मों में काम करने के बाद अभिनय की दुनिया को अलविदा कह दिया है. हाल ही में एक इंटरव्यू में सुनील शेट्टी ने खुलासा किया कि अथिया ने अपनी मर्जी से यह फैसला लिया, क्योंकि उनका मन अब एक्टिंग में नहीं था. उन्होंने बताया कि अथिया ने उनसे कहा, “बाबा मुझे यह नहीं करना,” और इसके बाद उन्होंने एक्टिंग छोड़ दी. सुनील ने अपनी बेटी के इस फैसले की तारीफ की और कहा कि वह उनके साहस को सलाम करते हैं।
सुनील शेट्टी ने एक बातचीत में कहा, ‘एक दिन अथिया ने मुझसे कहा, ‘बाबा, मुझे अब फिल्में नहीं करनी हैं और बस, उसने तय कर लिया। मैंने उसे कभी नहीं रोका। मैं उसकी इस सोच की सराहना करता हूं कि उसने खुद के मन की सुनी, न कि समाज की उम्मीदों की।’
बता दें, अथिया शेट्टी ने साल 2015 में फिल्म ‘हीरो’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद वह ‘मुबारकां’ और ‘मोतीचूर चकनाचूर’ जैसी फिल्मों में नजर आईं, लेकिन कुछ फिल्में देने के बाद वह अचानक इंडस्ट्री से गायब सी हो गईं। हालांकि, अब उन्होंने फाइनली फिल्म इंडस्ट्री से दूर जाने का मन बना लिया है।






















