
भारत के इस बल्लेबाज ने जसप्रीत बुमराह की जगह चौथे टेस्ट मे अर्शदीप को शामिल करने की दी सलाह
कहा ‘अगर बुमराह चौथे टेस्ट में नहीं खेल रहे हैं, तो अर्शदीप सही विकल्प हैं
चंडीगढ, 21 जुलाई (विश्ववार्ता)भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे का मानना है कि अगर जसप्रीत बुमराह को चौथे टेस्ट के लिए आराम देना पड़ता है, तो अर्शदीप सिंह को इस प्रारूप में पदार्पण का मौका दिया जाना चाहिए। इंग्लैंड फिलहाल पांच मैचों की श्रृंखला में 2-1 से आगे है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का कार्यभार कम करने के लिए उन्हें इंग्लैंड दौरे पर केवल तीन टेस्ट मैचों में उतारने का फैसला किया गया है। बुमराह लीड्स और लंदन में खेल चुके हैं, इसलिए ओल्ड ट्रैफर्ड में उनके प्रदर्शन को लेकर संशय बना हुआ है।
अर्शदीप सही विकल्प
रहाणे ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘अगर बुमराह चौथे टेस्ट में नहीं खेल रहे हैं, तो अर्शदीप सही विकल्प हैं, क्योंकि इंग्लैंड में आपको एक बाएं हाथ के तेज गेंदबाज की जरूरत होती है जो गेंद को दोनों तरफ से स्विंग करा सके। साथ ही, वह स्पिनरों के लिए अलग कोण से मोटी पिच बना सके। इसलिए अगर बुमराह नहीं खेलते हैं, तो अर्शदीप को अगला मैच खेलना चाहिए।’
अर्शदीप को लगी चोट
अर्शदीप ने अभी तक टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण नहीं किया है। उन्होंने 21 प्रथम श्रेणी मैचों में 66 विकेट लिए हैं। हालांकि, चौथे टेस्ट से पहले, बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज को बेकेनहैम में अभ्यास सत्र के दौरान चोट लग गई थी। भारत के सहायक कोच रयान टेन डोशेटे ने खुलासा किया था कि अर्शदीप गेंद को रोकने की कोशिश करते हुए चोटिल हुए थे। टेन डोशेटे ने कहा, “गेंदबाजी करते समय उन्होंने गेंद को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान उन्हें कट लग गया। अब देखना होगा कि यह कट कितना गंभीर है।”





















