रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के बाद अब मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
दिल्ली में हल्की बारिश की अनुमान, पढ़ें देशभर के मौसम का हाल
चंडीगढ़, 2 जून (विश्ववार्ता)देश के कई हिस्सों में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है।दिल्ली में कुछ दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है।धूल भरी आंधी आने से लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली, लेकिन तब भी अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने दिल्ली में रविवार को सामान्यतः बादल छाए रहने, हल्की बारिश होने और 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है. रविवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान 43 और 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
केरल में दस्तक देने के दो दिन बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून के और प्रबल होने से राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई. दक्षिण और मध्य जिलों में भूस्खलन, पेड़ों के उखड़ने एवं जलभराव की स्थिति देखने को मिली है. मौसम विभाग के अनुसार, त्रिशूर में मध्यम से तेज बारिश के साथ 40 किमी प्रति घंटे तक की गति से हवाएं चलने की संभावना है. अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने का आग्रह किया है क्योंकि प्रमुख सड़कों पर जलभराव और खराब दृश्यता के कारण यातायात अवरूद्ध हो सकता है।
राजस्थान में तापमान 50 के आसपास पहुंच रहा है. इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (ने अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में लू चलने की संभावना जताई है. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और ओडिशा में लू चलने की संभावना है. हालांकि इसकी तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आएगी।
इसके साथ ही गोवा के कुछ भागों में 2 जून और ओडिशा में 3 और 4 जून को गर्म और आर्द्र मौसम बना रहेगा. मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून बंगाल की खाड़ी, त्रिपुरा, मेघालय, असम, पश्चिम बंगाल और सिक्किम की ओर बढ़ गया है. IMD के अनुसार पूर्वोत्तर राज्यों में 7 जून तक हल्की से मध्यम वर्षा की उम्मीद की जा सकती है।






















