
अस्पताल की आड़ में करोड़ों की ठगी: Panchkula Alchemist Group और Ojas Hospital की 127.33 करोड़ रुपये की संपत्ति अस्थायी कुर्क
प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम के तहत की बड़ी कार्रवाई
चंडीगढ, 24 जुलाई (विश्ववार्ता) ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक केस में बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचकूला में मौजूद Alchemist Hospital और Ojas Hospital से जुड़ी करीब 127.33 करोड़ की संपत्ति को अटैच किया है. ये दोनों अस्पताल करण दीप सिंह की बेनामी संपत्तियों में शामिल बताए जा रहे हैं।
जांच की शुरुआत पहले कोलकाता पुलिस और फिर सीबीआई की एसीबी लखनऊ यूनिट ने भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी और 420 के तहत दर्ज मामले के आधार पर की थी। एफआईआर में अल्केमिस्ट टाउनशिप प्राइवेट लिमिटेड, अल्केमिस्ट इंफ्रा रियल्टी प्राइवेट लिमिटेड और ग्रुप के प्रमुख कंवर दीप सिंह समेत अन्य को आरोपी बनाया गया।
ईडी ने खुलासा किया कि अल्केमिस्ट होल्डिंग्स लिमिटेड और अल्केमिस्ट टाउनशिप इंडिया लिमिटेड ने फर्जी सामूहिक निवेश योजनाओं के तहत निवेशकों से 1,848 करोड़ रुपये अवैध रूप से जुटाए। इन पैसों का दुरुपयोग कर कई स्तरों पर लेन-देन के जरिए अस्पतालों के शेयर खरीदे गए, ताकि धन का स्रोत वैध दिखाया जा सके।
कुर्क किए गए शेयरों में अल्केमिस्ट हॉस्पिटल में 40.94 प्रतिशत और ओजस हॉस्पिटल में 37.24 प्रतिशत शेयर मेसर्स सोरस एग्रीटेक प्राइवेट लिमिटेड के पास हैं, जो कंवर दीप सिंह के बेटे करण दीप सिंह की कंपनी है।
बता दें कि ईडी ने कंवर दीप सिंह को 12 जनवरी 2021 को गिरफ्तार किया था। अब तक इस मामले में 238.42 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं और ईडी ने दो अभियोजन शिकायतें भी कोर्ट में दाखिल की हैं।






















